Top News

महाराणा प्रताप जयंती समारोह 2026 के आयोजन को लेकर प्रेस वार्ता।

 


अंतरराष्ट्रीय शौर्य दिवस के रूप में आयोजित होगा जयंती समारोह


आरोपी के नाम के साथ ठाकुर शब्द के प्रयोग से बचे मीडिया संस्थान।

क्षत्रिय महासभा बदायूं एवं महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में नौ मई को आयोजित होने वाले महाराणा प्रताप जयंती समारोह 2026 के संबंध मे प्रेस वार्ता का आयोजन महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के शिव पुरम बदायूं स्थित मुख्यालय पर किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से भारत सरकार और राज्य सरकार से राष्ट्र नायक महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष में नौ मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग उठाई गई तथा मीडिया संस्थानों से आरोपी के नाम के साथ ठाकुर शब्द के प्रयोग से बचने का आग्रह किया गया।

इस अवसर पर महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महाराणा प्रताप जयंती को अंतरराष्ट्रीय शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाएगा। पूरे देश में सप्ताह भर आयोजन चलेंगे। नौ मई को देश की राजधानी, राज्यों की राजधानी व जिला मुख्यालयों पर भव्य आयोजन होगे। 10 मई को तहसील मुख्यालयों पर, 11 मई को ब्लाक मुख्यालयों पर, 12 मई को नगरों में तथा 13,14 व 15 मई को गांवों में आयोजन होगे। शोभा यात्राएं निकाली जाएगी, देश में सैंकड़ों स्थानों पर महाराणा प्रताप के स्मारकों के शिलान्यास, उदघाटन व प्रतिमा अनावरण के कार्यक्रम आयोजित होगे।


श्री राठौड़ ने बताया कि महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय आयोजन स्काउट भवन में आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सदस्य विधान परिषद डॉ जयपाल सिंह व्यस्त, विधायक दातागंज राजीव कुमार सिंह बब्बू भइया , सदस्य विधान परिषद वागीश पाठक व विधायक कटरा डॉ वीर विक्रम सिंह प्रिंस की उपस्थिति रहेगी। समारोह की अध्यक्षता सेवा निवृत पी सी एस अधिकारी रामवीर सिंह करेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनौना धाम के व्यवस्थापक आर्येंद्र सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख वजीरगंज गुडडो देवी, ब्लाक प्रमुख उसावां ममता सिंह, चेयरमैन उसावां प्रियंका अनिल चौहान, क्षत्रिय महासभा उत्तर प्रदेश के प्रधान महासचिव आलोक सिंह चौहान संघर्षी, प्रसिद्ध उद्योगपति आनन्द सिंह वैस उपस्थित रहेंगे। क्षत्रिय महासभा एवं ट्रस्ट के राष्ट्रीय व प्रदेश के पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रहेगी।


क्षत्रिय महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश कोषाध्यक्ष डा सुशील कुमार सिंह ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भामाशाह सम्मान, हाकिम खान सूरी सम्मान, प्रतिभा सम्मान, विशिष्ट और वरिष्ठ जन सम्मान प्रदान किए जाएंगे। साथ ही घर घर में महाराणा प्रताप के चित्र स्थापना के कार्य को गति प्रदान की जाएगी। हर ब्लाक में एक महाराणा प्रताप ग्राम बनाने की योजना पर भी कार्य चल रहा है। महाराणा प्रताप जयंती के कार्यक्रम एक सप्ताह तक आयोजित किए जाएंगे।

जिला अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि नौ मई को महाराणा प्रताप चौक को फूलों से सजाया जाएगा। सर्व समाज के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, विभिन्न स्थानों पर शरबत वितरण, शीतल जल वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट, प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ सुशील कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष क्षत्रिय महासभा बदायूं राकेश सिंह, जिला संगठन मंत्री भू राज सिंह, जिला अध्यक्ष क्षत्रिय सांस्कृतिक प्रकोष्ठ सनी चौहान, विवेक सिंह आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.

और नया पुराने