रामलीला की अनुमति में रिश्वत मांगने के आरोप से लेकर गौवंश की मौत और सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तक के मुद्दे उठाए जाएंगे
बदायूं। सूचना अधिकार दिवस के अवसर पर 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे जिलाधिकारी कार्यालय, बदायूं पर सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा। जन दृष्टि (व्यवस्था सुधार मिशन) के अध्यक्ष एवं संस्थापक तथा अधिवक्ता हरि प्रताप सिंह राठोड़ ने गांधीवादी विचारधारा के अनुरूप राष्ट्र राग ‘रघुपति राघव राजाराम’ के कीर्तन के साथ विभिन्न जनहित के मुद्दों को उठाने की घोषणा की है। उन्होंने गांधीवादी सूचना एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से सत्याग्रह में सहभागिता की अपेक्षा की है।
हरि प्रताप सिंह राठोड़ के अनुसार, सत्याग्रह के दौरान रामलीला की अनुमति देने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप से संबंधित कार्मिक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराने, उसे निलंबित करने तथा उसकी और उसके परिजनों की चल-अचल संपत्तियों का सार्वजनिक विवरण उपलब्ध कराने की मांग उठाई जाएगी।
इसके अतिरिक्त, गौवंश की निर्मम मौतों के लिए उत्तरदायी बताए जा रहे पशु चिकित्सा विभाग, बदायूं के कार्मिकों की जवाबदेही तय करने तथा संबंधित कार्मिकों और उनके परिजनों की चल-अचल संपत्तियों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी की जाएगी।
सत्याग्रह के प्रमुख मुद्दों में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 एवं उत्तर प्रदेश सूचना का अधिकार नियमावली, 2015 का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराना शामिल है। साथ ही जनहित गारंटी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की जाएगी, ताकि नागरिकों को निर्धारित समयसीमा में सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
आयोजक ने सूचना के अधिकार को कमजोर करने तथा जनहित गारंटी कानून को निष्क्रिय करने में संलग्न लोक सेवकों एवं राजकीय सेवकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की भी मांग उठाई है।
हरि प्रताप सिंह राठोड़ ने अपने संदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज बुलंद करते हुए कहा, “रिश्वत देना पाप है, रिश्वत लेना महापाप है।” उन्होंने शिक्षा और चिकित्सा को निजी हाथों से मुक्त करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने राष्ट्रहित, पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के लिए कार्य करने वाले गांधीवादी सूचना एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से सत्याग्रह में शामिल होने की अपील की है।
रिपोर्ट - सतेन्द्र सिंह

एक टिप्पणी भेजें
Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.