06 अप्रैल से कार्डधारकों को होगा निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण
बदायूँ: 04 अप्रैल। जिलाधिकारी अवनीश राय ने सर्वसाधारण को सूचित करते हुए बताया कि आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अन्तर्गत माह अप्रैल, 2026 के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण 06 से 20 अप्रैल 2026 के मध्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अन्तर्गत आच्छादित अन्त्योदय लाभार्थियों को प्रति कार्डधारक 21 कि०ग्रा० गेहूँ, 14 कि०ग्रा० चावल (कुल 35.00 कि०ग्रा० खाद्यान्न) निःशुल्क वितरित कराया जाएगा। पात्र गृहस्थी योजना में पात्र गृहस्थी योजना के राशन कार्डधारकों / लाभार्थियों को 03 कि०ग्रा० गेहूँ, 02 कि०ग्रा० चावल (कुल 5.0 कि०ग्रा० खाद्यान्न) प्रति व्यक्त्ति निःशुल्क वितरित किया जाएगा।
News 2
पाण्डुलिपियों व दुर्लभ ग्रंथों के वैज्ञानिक संरक्षण व डिजीटलीकरण हेतु होगा सर्वेक्षण
बदायूँ: 04 अप्रैल। हमारी समृद्ध ज्ञान परम्परा, सांस्कृतिक धरोहर एवं बौद्धिक विकास के महत्त्वपूर्ण साक्ष्य, प्रचीन पाण्डुलिपियों, ताड़पत्रों एवं दुर्लभ अभिलेखों का संरक्षण करने एवं उन्हें सुरक्षित रूप से भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ज्ञान भारतम् मिशन प्रारम्भ किया गया है। यह जानकारी मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने दी है। जनपद में सर्वेक्षण कार्य ज्ञान भारतम मोबाइल एप के माध्यम से किया जाएगा, जो गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क डाउनलोड हेतु उपलब्ध है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति का गठन भी किया गया है।
उन्होंने बताया कि ज्ञान भारतम् मिशन के अन्तर्गत प्रदेश के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, मठों, मन्दिरों, शैक्षणिक संस्थानों, निजी एवं सार्वजनिक पुस्तकालयों व व्यक्तियों आदि के पास उपलब्ध पाण्डुलिपियों, हस्तलिखित ग्रन्थों, ताड़पत्रों, भोजपत्रों एवं अन्य दस्तावेजों की पहचान, सर्वेक्षण, कैटलॉगिंग, संरक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य किया जाएगा, जिससे पाण्डुलिपियों को ज्ञान भारतम् पोर्टल के माध्यम से आमजन को उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि पाण्डुलिपि सर्वेक्षण कार्य में सर्वेक्षक के रूप में शैक्षिक संस्थानों के अध्यापकों, विशेष रूप से संस्कृत,प्राचीन भाषाओं के अध्यापकों, इतिहास एवं पुरातत्व विषयों के अध्यापकों, जनपद में स्थित पुस्तकालयों एवं संग्रहालयों के अधिकारी व कर्मचारी, खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी, ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत सचिव, मठ,मन्दिर,आश्रम,ट्रस्ट के प्रतिनिधि, एन०एस०एस० एन०सी०सी० के वॉलन्टियर्स, महाविद्यालय, विश्वद्यिालय के विधार्थीगण, विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत गैर सरकारी संगठनों के सदस्यों को नियुक्त किया जाएगा।
News 3
गुणवत्तापरक व समयबद्ध हो शिकायतों का निस्तारण
बदायूँ: 04 अप्रैल। जिलाधिकारी अवनीश राय ने तहसील बिसौली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कुल 73 शिकायती व प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, शेष के गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि आवश्यक है, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से भी निस्तारण की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया जाता है इसलिए अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर राजस्व, पुलिस, विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों से सम्बंधित कुल 73 शिकायती व प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, शेष के गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Author - Kartavya Path Times
एक टिप्पणी भेजें
Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.