Top News

आईजीआरएस निस्तारण में आवेदक की संतुष्टि जरूरी: डीएम

अगले सप्ताह तक मानक पूरा करने के निर्देश

बदायूँ: 09 अक्टूबर। आईजीआरएस के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित 90 प्रतिशत संतुष्टि मानक के अनुरूप कार्य न करने वाले विभागों के प्रति जिलाधिकारी अवनीश राय ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर उन्होंने विभागवार शिकायतों के निस्तारण एवं संतुष्टि प्रतिशत की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विभागों की प्रगति निर्धारित मानक से कम है, वे अगले सप्ताह तक 90 प्रतिशत संतुष्टि मानक प्राप्त करना सुनिश्चित करें। इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर आख्या अपलोड करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। आवेदक की संतुष्टि निस्तारण की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराएं। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और संबंधित अधिकारी शिकायत की प्रकृति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। असंतुष्ट शिकायतकर्ताओं के प्रकरणों की विशेष समीक्षा करते हुए उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित संतुष्टि मानक पूरा करने में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागाध्यक्ष स्वयं निगरानी करते हुए शिकायतों के निस्तारण की प्रगति में सुधार लाएं, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।


Report - Kartavya Path Times 

Subscribe Now| please follow X| follow facebook page

Post a Comment

Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.

और नया पुराने