सेवा ज्योति कलश रैली की सफलता को विधायक हरीश शाक्य ने की बैठक, कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील
मुजरिया। सेवा ज्योति कलश बाइक रैली को सफल बनाने के लिए बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कोल्हाई ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में मुजरिया मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 7 अक्टूबर को बिल्सी स्थित कार्यालय पहुंचकर रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। साथ ही रैली की सफलता के लिए आपसी समन्वय के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान विधायक हरीश शाक्य ने जनता संवाद के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
जनता संवाद के दौरान कोल्हाई के ग्रामीणों ने गांव में बारात घर बनवाने की मांग भी विधायक के समक्ष रखी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बारात घर की सुविधा होने से शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों में लोगों को सहूलियत मिलेगी। इस पर विधायक ने उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से आयोजन को सफल बनाया जा सकता है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता जिम्मेदारी के साथ जुटें।
इस अवसर पर मुजरिया मंडल अध्यक्ष उपदेश चौहान, प्रधान पति पप्पू शाक्य, सुनील शाक्य, भगवान दास, राम बहादुर, डालचंद्र मिश्रा, प्रदीप तिवारी सहित मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट - सत्येन्द्र सिंह गहलोत



एक टिप्पणी भेजें
Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.