बदायूँ: 31 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश क्रॉप डायवर्सिफिकेशन सपोर्ट प्रोजेक्ट (यूपी डास्प) द्वारा संचालित नमामि गंगे जैविक खेती (ईओएफसी) योजना के अंतर्गत गठित समूहों के सदस्यों के लिए तृतीय वर्ष का एक दिवसीय जैविक किसान मेला एवं गोष्ठी का आयोजन विकास खंड परिसर उसावां में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यदायी संस्था बायोसर्ट इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विधायक प्रतिनिधि, दातागंज डॉ. अरविन्द कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक, यूपी डास्प ने किसानों को रासायनिक खेती से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जैविक खेती की विधियों, इसमें आने वाली समस्याओं और उनके समाधान के संबंध में विस्तार से बताया। साथ ही जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही अनुदान राशि की जानकारी भी दी।
वरिष्ठ गन्ना निरीक्षक डॉ. पी.के. वर्मा ने जैविक विधि से फसल पोषक तत्व प्रबंधन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कृषि वैज्ञानिक संवाद के माध्यम से किसानों की समस्याओं का समाधान भी बताया। सहायक कृषि विकास अधिकारी (कृषि) डॉ. महेश पाल सिंह ने जैविक विधि से दीमक एवं फफूंदजनित रोगों की रोकथाम के उपाय बताए।
नमामि गंगे के जिला प्रभारी लवकुश मिश्रा ने जैविक विधि से पोषक तत्व प्रबंधन, मृदा जनित रोगों के नियंत्रण तथा फसल सुरक्षा के संबंध में किसानों को जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना समन्वयक, यूपी डास्प ने किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील की तथा इस दिशा में हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
किसानों के जैविक उत्पादों के विपणन एवं बिक्री को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेले में जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी एवं स्टॉल भी लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार तथा स्थानीय बाजार में बिक्री के अवसर उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सहायक कृषि विकास अधिकारी (कृषि) महेश पाल सिंह, वीटीएम उसावां, पीपीएस उसावां, नमामि गंगे के जिला प्रभारी लवकुश मिश्रा, प्रमाणीकरण संस्था से अवधेश कुमार सिंह एवं पुनीत शर्मा, गठित समूहों के सदस्य एवं कृषक तथा सहयोगी संस्था बायोसर्ट इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के क्षेत्रीय कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।


एक टिप्पणी भेजें
Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.