Top News

नारी शक्ति वंदन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


बदायूं 21 अप्रैल। जनपद बदायूं के विकासखंड आसफपुर की ग्राम पंचायत दबथरा में नारी शक्ति वंदन विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 60 से 70 ग्रामीण दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश के पंजीकृत दल श्रीमंत अधिकार आर्ट दल द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से दी गई।


कार्यक्रम में 5 कलाकारों की टीम ने गीत, नाटक एवं संवाद के माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकारों और आत्मनिर्भर बनने के महत्व को दर्शाया। दल की नेता स्वाती तिवारी के निर्देशन में प्रस्तुत किए गए कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ प्रेरित भी किया। इस दल को जनपद की सभी 6 विधानसभाओं में कुल मिलाकर 50 कार्यक्रम करने हैं। यह दल 15 अप्रैल से जनपद में कार्यक्रम विभिन्न ब्लॉकों के विभिन्न ग्रामों में अपना कार्यक्रम कर जनमानस को जागरुक कर रहे हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा लखपती दीदी योजना, स्वयं सहायता समूह जैसी प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कलाकारों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित करना, जरूरतमंद बच्चों को सहारा देना तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दें। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। 

Post a Comment

Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.

और नया पुराने