बदायूं में जल जीवन मिशन पर उठे सवाल, मुख्यालय और स्थानीय अधिकारियों के जवाब में विरोधाभास
AI Generat Photoउत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं के विकास खंड सहसवान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोल्हाई में दो सार्वजनिक स्थानों पर पब्लिक नल पॉइंट स्थापित कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सीपीग्राम पोर्टल के माध्यम से जल जीवन मिशन विभाग से शिकायत दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई सार्वजनिक स्थानों पर आज भी पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के जवाब में संबंधित स्थानीय अधिकारी द्वारा लिखित रूप से बताया गया कि गांव में सार्वजनिक नल पॉइंट का लक्ष्य पूर्ण हो चुका है, इसलिए अब नए पब्लिक नल पॉइंट स्थापित करना संभव नहीं है।
लेकिन मामला तब और गंभीर हो गया जब इसी विषय पर सूचना का अधिकार (RTI) के तहत जल जीवन मिशन मुख्यालय से जानकारी मांगी गई। मुख्यालय द्वारा दिए गए प्रमाणित जवाब में स्पष्ट कहा गया कि लक्ष्य पूर्ण होने के बावजूद भी आवश्यकता अनुसार सार्वजनिक नल पॉइंट की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
अब सवाल यह उठता है कि जब मुख्यालय स्वयं अतिरिक्त नल पॉइंट स्थापित किए जाने की अनुमति दे रहा है, तो स्थानीय अधिकारी किस आधार पर ग्रामीणों को मना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों द्वारा जनता को भ्रमित किया जा रहा है और योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक नहीं पहुंचाया जा रहा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा ग्राम कोल्हाई के सार्वजनिक स्थानों पर तत्काल दो पब्लिक नल पॉइंट स्थापित कराए जाएं ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके।
जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर और हर जरूरतमंद तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन यदि विभागीय स्तर पर ही विरोधाभासी जवाब दिए जाएंगे तो इससे योजना की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
रिपोर्ट - सत्येन्द्र सिंह गहलोत



एक टिप्पणी भेजें
Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.