बदायूं। जनपद बदायूं के विकास खण्ड वजीरगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रोटा स्थित गौशाला में गौवंशों की दयनीय स्थिति सामने आने का मामला प्रकाश में आया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गौशाला में पर्याप्त चारा एवं देखभाल न मिलने के कारण कई गौवंशों की हालत गंभीर बताई जा रही है, वहीं पिछले कुछ दिनों में अनेक गायों की मौत होने की चर्चा ग्रामीणों के बीच बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि गौशाला में मौजूद गौवंश भूख एवं अव्यवस्थाओं से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौशाला संचालन से जुड़े जिम्मेदार लोग एवं संबंधित एनजीओ समय से उचित ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे गौवंशों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में भी गौवंश कमजोर एवं बदहाल स्थिति में दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो और अधिक गौवंशों की जान पर संकट आ सकता है। मामले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी देखी जा रही है तथा जिम्मेदार अधिकारियों से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
हालांकि, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आ सका है। यदि कोई अधिकारी या संबंधित संस्था अपना पक्ष रखती है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
(नोट: यह समाचार सूत्रों एवं प्राप्त वीडियो के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की आधिकारिक पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।)
रिपोर्ट - सत्येन्द्र सिंह

एक टिप्पणी भेजें
Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.