जनपद बदायूं के सहसवान विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत खंदक, जो एक न्याय पंचायत के रूप में भी जानी जाती है, इन दिनों बदहाल बुनियादी सुविधाओं को लेकर चर्चा में है। यहां का विकास कागजों में भले ही संतोषजनक दिखाया जा रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
ग्रामीणों और राहगीरों का आरोप है कि गांव की मुख्य सड़क पर वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। नालियों की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गांव का गंदा पानी सीधे सड़क पर बहता रहता है, जिससे सड़क की हालत जर्जर हो चुकी है। यह स्थिति न केवल आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर कई बार दोपहिया और तीनपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं। हालांकि अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और लोक निर्माण विभाग (PWD) के जूनियर इंजीनियर से कई बार शिकायत की। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया।
ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि केवल खानापूर्ति के लिए कार्य किए गए हैं, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में लोगों ने अब सीधे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी बदायूं से हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों की मांग है कि सड़क पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए, जिससे लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी प्राथमिकता देता है और कब तक धरातल पर वास्तविक सुधार देखने को मिलता है। फिलहाल, खंदक पंचायत के लोग समाधान की उम्मीद में प्रशासन की ओर टकटकी लगाए हुए हैं।


एक टिप्पणी भेजें
Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.