Top News

एक बटन दबते ही 900 करोड़ रुपए पहुंचे खाते में।

मा0 मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर किया प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 90 हजार लाभार्थियों के खाते में 900 करोड़ रूपए की अनुदान धनराशि का अंतरण

Kartavya path times


सरकार गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाने का कार्य कर रही-सदर विधायक

बदायूं 16 मार्च। मा0 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के बदायूं के 2712 सहित प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के खाते में प्रथम किस्त रुपए 01 लाख की धनराशि कुल रूपए 900 करोड़ अंतरित की। मा0 मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए वही कलेक्ट्रेट बदायूं में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक,जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर व माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने जनपद के 15 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।

कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित मा0 मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया जिसे सदर विधायक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष, पूर्व एमएलसी, अधिकारियों व लाभार्थियों ने देखा। मा0 मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम के दौरान जनपद फतेहपुर, गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, सहारनपुर, महाराजगंज आदि जनपदों के लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी स्थापित किया, उनसे उनका कुशल क्षेम जाना व अन्य किन-किन योजनाओं का लाभ उन्हें मिला है यह भी जानकारी ली।

Kartavya path times

मा0 मुख्यमंत्री जी ने लाभार्थियों से कहा कि वह अन्य योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेंं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब तक लाखों परिवारों को आवास योजना का लाभ दिया है व अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं से भी लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचा रही है।

वही जनपद बदायूं के कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि अच्छा सोचो तो अच्छा होगा, आज नहीं तो कल होगा। उन्होंने कहा कि भारत एक दिन विश्व गुरु बनेगा। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी व मा0 मुख्यमंत्री जी गरीबों के चेहरे पर मुस्कान लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपना मकान होने से असीम सुख का अनुभव होता है और यही सुख सरकार गरीबों व पात्रों को दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान योजना का लाभ मिलने पर लाभार्थियों ने मा0 मुख्यमंत्री जी व प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूरी निष्पक्षता से उन्हें योजना का लाभ मिला है।

अपर जिला अधिकारी न्यायिक व परियोजना अधिकारी डूडा कल्पना जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का उद्देश्य है कि गरीबों को आवास के साथ-साथ आधारभूत संरचना की सुविधा उपलब्ध कराना, जिससे उनके जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार हो सके। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 1.0 जून 2015 में प्रारंभ हुई थी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 सितंबर 2024 में प्रारंभ हुई थी, जिसमें योजना के अंतर्गत लाभार्थी के पास आवास की समुचित व्यवस्था नहीं है अर्थात कच्चा अथवा अर्द्धपक्का मकान है, के लाभार्थियों का चयन किया जाता है।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत ईडब्ल्यूएस (इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन) श्रेणी के लिए 30 से 45 वर्ग मीटर में नए आवास का प्रावधान है, जिसमें पति-पत्नी व अविवाहित पुत्र व पुत्री एक ही परिवार में शामिल होंगे। योजना अंतर्गत रुपए 1.50 लाख केंद्र सरकार से तथा 1.00 लाख राज्य सरकार द्वारा कुल ढाई लाख रुपये अनुदान के रूप में दिए जाते हैं। जिसमें प्रथम किस्त में रुपए 1 लाख, द्वितीय किस्त में रुपए 1 लाख तथा तृतीय किस्त में रुपए 50 हजार अनुदान के रूप में उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है।

उन्होंने बताया कि सोमवार का आयोजित कार्यक्रम में जनपद के 2712 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला है, जिसमें उनके खाते में 01 लाख रूपए  की धनराशि मा0 मुख्यमंत्री के स्तर से अंतरित की गई है। उन्होंने बताया कि नगर निकायों इन 2712 लाभार्थियों में से अलापुर के 442, बिसौली के 88, बदायूं के 84, दहगवां के 12, दातागंज के 109, फैजगंज के 120, इस्लामनगर के 389, कछला के 34, ककराला के 172, कुंवरगांव के 64, मुड़िया के 78, रूदायन के 28, सहसवान के 208, सैदपुर के 162, सखानू के 47, उझानी के 52, उसहैत के 566 व वजीरगंज के 57 लाभार्थी हैं।

इस अवसर पर पूर्व एमएलसी जितेन्द्र यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक,अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, जिला राजस्व अधिकारी विनोद कुमार सिंह, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बदायूं विनय मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी वी लाभार्थी मौजूद रहे।

Post a Comment

Thanks for your suggestion.Our team will respond to your suggestion soon.

أحدث أقدم